रामपुर कारखाना विकास खण्ड का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों की गहन समीक्षा कर कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रामपुर कारखाना विकास खण्ड का सीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों की गहन समीक्षा कर कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश
देवरिया, 09 फरवरी
जनपद के मुख्य विकास अधिकारी श्री राजेश कुमार सिंह ने सोमवार को अपराह्न लगभग 2 बजे विकास खण्ड रामपुर कारखाना कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), सहायक विकास अधिकारी (ग्राम्य विकास), लेखाकार सहित संबंधित स्टाफ मौजूद रहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने सबसे पहले कार्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई एवं भवनों की भौतिक स्थिति का अवलोकन किया। इसके पश्चात विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों की विस्तार से जांच की गई। लेखाकार पटल पर टेंडर, आवास योजना तथा क्षेत्र पंचायत से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया। साथ ही मनरेगा एवं स्थापना पटल की अलमारियों, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं तथा नामांकन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।
कनिष्ठ सहायक से जनसुनवाई एवं सूचना के अधिकार से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। इसके अलावा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) तथा एनआरएलएम पटल के अंतर्गत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
मनरेगा योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले सचिव अजय गुप्ता, श्रीमती धर्मावती देवी, संजय सिंह, जयप्रकाश यादव एवं रोजगार सेवक संतोष यादव, विजय यादव, राहुल आर्या, मुमताज अहमद, राम प्रसाद, अमन कुमार, ईमा खातून, सुमन देवी, सीमा देवी, महेंद्र यादव, सूर्यप्रकाश यादव तथा वृद्धिचंद प्रजापति को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
निरीक्षण के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन द्वारा जारी नवीन दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को विकास योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।