मनरेगा बहाली व मतदाता सूची की गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन
मनरेगा बहाली व मतदाता सूची की गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेसियों ने सौंपा ज्ञापन
देश के गरीब-मजदूरों के लिए मनरेगा अत्यंत आवश्यक : केशवचंद यादव
भाटपाररानी, देवरिया।
कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशवचंद यादव के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मनरेगा योजना को पूर्व की भांति प्रभावी रूप से बहाल करने तथा एसआईआर के तहत प्रकाशित मतदाता सूची में व्याप्त गड़बड़ियों में सुधार की मांग को लेकर भारत के राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार सुशील कुमार तिवारी को सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केशवचंद यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है। इसी विचार को आधार बनाकर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार ने मनरेगा जैसी ऐतिहासिक योजना लागू की थी, जिससे गरीबों और मजदूरों को रोजगार की गारंटी मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार इस योजना को कमजोर कर समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने कहा कि यह सरकार गरीबों और मजदूरों के हितों के खिलाफ है। पहले मनरेगा के तहत 90 प्रतिशत धनराशि केंद्र सरकार वहन करती थी, लेकिन अब राज्यों पर 40 प्रतिशत तक का आर्थिक बोझ डाल दिया गया है, जिससे योजना का सुचारु संचालन प्रभावित हो रहा है।
कांग्रेस पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि एसआईआर के अंतर्गत प्रकाशित वर्तमान मतदाता सूची में गंभीर त्रुटियां हैं। कई मामलों में 2003 की मतदाता सूची और वर्तमान सूची में एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग दर्ज है। उन्होंने कहा कि इन विसंगतियों को दूर कर सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अनिवार्य है।
इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में जनार्दन वर्मा, जगरनाथ यादव, जितेंद्र यादव, सलीम अली, एडवोकेट इंदु भूषण शुक्ला, राणा प्रताप सिंह (एडवोकेट), मनीष रजक, कन्हैया कुशवाहा, जे.पी. यादव, विराट यादव, हरिश्चंद्र यादव, जावेद अख्तर, अवध किशोर, श्रीकांत यादव, भरत मिश्र, सुग्रीव कुशवाहा, बाबूलाल सिंह, विशाल मद्देशिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।