भूमि विवाद में खूनी संघर्ष: रघुनाथपुर में दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
भूमि विवाद में खूनी संघर्ष: रघुनाथपुर में दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
देवरिया। बनकटा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में सोमवार दोपहर जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव में तब अफरा-तफरी मच गई जब कुछ हमलावरों ने दो सगे भाइयों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।
घटना में घायल हरेन्द्र प्रसाद (50) और अनिल (32) पुत्र बैजनाथ को गंभीर हालत में देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जमीन को लेकर हरेन्द्र प्रसाद और अनिल के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर दोनों अपने खेत पर काम करने पहुंचे थे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में हरेन्द्र प्रसाद के सिर और कंधे पर गहरी चोटें आईं, जबकि अनिल के पेट और हाथ पर गंभीर घाव हुए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बनकटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है, मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है, जबकि लोग पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।