शारदीय नवरात्र की धूम: मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
पीयूष बरनवाल की रिपोर्ट
शारदीय नवरात्र की धूम: मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
गोपीगंज और ज्ञानपुर क्षेत्र सहित पूरे जनपद में सोमवार को शारदीय नवरात्र का शुभारंभ आस्था और श्रद्धा के साथ हुआ। पहले दिन मां दुर्गा के पूजन-अर्चन के लिए सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घर-घर में कलश स्थापना और ज्योत प्रज्वलन कर भक्तों ने मां शक्ति की आराधना शुरू की।
मंदिरों में कलश स्थापना और पूजन-अर्चन
सुबह से ही महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर घरों में नवदुर्गा के लिए कलश स्थापना की। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने अगले नौ दिनों तक नौ देवियों की विधिवत पूजा करने का संकल्प लिया।
गोपीगंज के सदर मोहन स्थित दुर्गा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिलाएं और पुरुष भक्त मां के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे। मां दुर्गा से परिवार की सलामती और सुख-समृद्धि की कामना की।
पंडालों में प्रतिमाएं स्थापित
इसी तरह ज्ञानपुर के घोपुईला मंदिर में भी भक्तों की भीड़ देखी गई। महिलाओं ने ग्राम देवी, डीह बाबा, सायर मैया और चौरा मैया का पूजन कर मंदिर की परिक्रमा की। कई स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडालों में प्रतिमा स्थापना का कार्य विधिवत संपन्न हुआ।
मेले और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज
नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही स्थानीय मंदिरों और पंडालों में मेलों की रौनक भी बढ़ गई है। गोपीगंज, सुरियावां और आसपास के गांवों में छोटे-बड़े मेले सजने लगे हैं। झूले, खाने-पीने की दुकानों और सजावटी सामान की चहल-पहल से माहौल भक्तिमय होने के साथ-साथ उत्सवमय भी दिखा।
सांस्कृतिक आयोजनों के तहत जगह-जगह रामलीला मंचन की तैयारियां की जा रही हैं। कई स्थानों पर रात्रि में भजन-कीर्तन और देवी जागरण का आयोजन होगा। स्थानीय कलाकार धार्मिक गीतों और झांकियों के माध्यम से देवी महिमा का वर्णन करेंगे।
श्रद्धा और उत्साह का माहौल
सुबह से ही मंदिरों के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानें सजी रहीं। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी श्रद्धालु मां दुर्गा की आराधना में लीन दिखे। भक्तों का उत्साह इस बार और भी अधिक दिखाई दे रहा है क्योंकि नवरात्र पर्व के साथ-साथ दशहरा मेला भी लोगों को एक साथ जोड़ रहा है।
नौ दिनों तक चलने वाला यह पर्व भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक उत्सव का अनोखा संगम बनने जा रहा है।