परसीपुर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा ट्रेन की चपेट में आने से स्वीपर की मौत
भदोही से पीयूष बरनवाल की रिपोर्ट
परसीपुर रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा – ट्रेन की चपेट में आने से स्वीपर की मौत
भदोही। परसीपुर रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब वाराणसी से कुर्ला जा रही ट्रेन संख्या 15018 अप के एक स्वीपर की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार (45 वर्ष) निवासी उदितपुर, थाना फरिंदा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
कोच बदलने के दौरान हादसा
जानकारी के मुताबिक विनोद एक स्लीपर कोच की सफाई करने के बाद दूसरे कोच में जाने के लिए नीचे उतरे। तभी ट्रेन धीरे-धीरे चलने लगी। वह जल्दबाजी में कोच में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे कि अचानक संतुलन बिगड़ गया और वे ट्रेन के पहिए की चपेट में आ गए। देखते ही देखते वह कुछ दूर तक घसीटते चले गए।
यात्रियों की चीख-पुकार से रुकी ट्रेन
हादसे को देखकर यात्रियों ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए स्पेशल ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। लेकिन तब तक विनोद गंभीर रूप से घायल हो चुके थे।
मौके पर पुलिस व जीआरपी
घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन मास्टर डीएस श्रीवास्तव ने तुरंत चौरी थाना पुलिस और जीआरपी चौकी भदोही को सूचित किया। चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव व उपनिरीक्षक गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
परिजनों को सूचना
पुलिस ने विनोद के परिजनों को घटना की जानकारी दी। हादसे के बाद परसीपुर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच शोक और दहशत का माहौल रहा।