झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, महिला ने दिखाई मानवता की मिसाल
झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, महिला ने दिखाई मानवता की मिसाल
बंधे के नीचे नरकट की झाड़ियों में मिली एक नवजात बच्ची। कोई उसे मरने के लिए छोड़ गया था, लेकिन किस्मत और इंसानियत ने समय रहते उसे बचा लिया।
स्थान: ग्राम रतनपुरा, जनपद देवरिया, उत्तर प्रदेश
समय: सुबह लगभग 3 से 4 बजे के बीच
तारीख: 31 अगस्त 2025
देवरिया जिले के रतनपुरा गांव में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नवजात बच्ची को नरकट की झाड़ियों में फेंक दिया गया। यह हृदयविदारक घटना काली स्थान के समीप बंधे के नीचे की बताई जा रही है।
गनीमत रही कि बच्ची जिंदा अवस्था में मिली। गांव की रहने वाली गीता देवी व बिंदा देवी, पत्नी महेश प्रसाद, ने बच्ची को झाड़ियों से उठाकर अपने घर ले जाकर उसकी जान बचाई। उनकी मानवीय संवेदनशीलता की गांव भर में सराहना हो रही है।
ग्राम प्रधान संतोष साहनी का कहना है कि जहां बच्ची को फेंका गया, उस क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इससे यह उम्मीद जताई जा रही है कि फुटेज की जांच के जरिए दोषी व्यक्ति की पहचान की जा सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जांच की मांग की है।
दयाशंकर यादव व रमेश यादव द्वारा पुलिस को दी गई सूचना, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया। कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी । बच्ची की हालत स्थिर बताई जा रही है और उसे प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है।
पूर्व प्रधान सुदर्शन यादव ने कहा कि “माँ की ममता” को शर्मसार कर देने वाली घटनाएँ दुर्भाग्यपूर्ण होती हैं, और समाज को झकझोर कर रख देती हैं। ऐसी घटनाएँ विरल होती हैं, लेकिन जब होती हैं, तो वे संवेदनशीलता, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करती हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले के ऊपर कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
रियासत अली
ग्रामीण न्यूज़ तेज नजर