भलुअनी–पकड़ी–रुद्रपुर मार्ग होगा चौड़ा, ग्रामीणों को मिलेगी राहत
ग्रामीण न्यूज तेज नज़र, देवरिया
देवरिया। ग्रामीण अंचल के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गोरखपुर और अन्य प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाले भलुअनी–पकड़ी–रुद्रपुर मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस सड़क के लिए 40 करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार कर लिया है। प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर शासन को भेजा जाएगा।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बनी यह सड़क वर्तमान में जर्जर स्थिति में है। 17.3 किलोमीटर लंबे इस मार्ग की चौड़ाई अभी 3.75 मीटर है, जिसे चौड़ीकरण कर 5.5 मीटर किया जाएगा। ग्रामीणों की मांग पर रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद ने इस दिशा में पहल की थी।
बैरिया में पुराने पुल के बगल में एक नए पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है। इस मार्ग से दो दर्जन से अधिक गांवों के लोग गुजरते हैं। संकरी सड़क के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाओं की समस्या बनी रहती है।
पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अंकित वर्मा ने बताया कि चौड़ीकरण और पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है। मंजूरी और धनराशि मिलने के बाद जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना पूरी होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी और दो ब्लॉक व तहसील मुख्यालयों तक पहुंचना आसान हो जाएगा।