अप्रैल को ITI परिसर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण
अप्रैल को ITI परिसर में दिव्यांगजनों को मिलेंगे सहायक उपकरण
देवरिया, 3 अप्रैल।
जनपद में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत भारत सरकार की एडीआईपी (ADIP) योजना एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को 6 अप्रैल को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम स्थानीय आईटीआई परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बी. एल. वर्मा, क्षेत्रीय सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बताया कि एलिम्को (ALIMCO) के सहयोग से 22 एवं 23 मार्च 2025 को आयोजित शिविर में कुल 1591 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया था। वितरण हेतु सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक लाभार्थी का फोटो सत्यापन किया जाएगा तथा उपकरणों को क्यूआर कोड के माध्यम से संबंधित लाभार्थियों से जोड़ा जाएगा।
लाभार्थियों की सुविधा के लिए जनपद के 16 विकास खंडों से 60 बसों की व्यवस्था की गई है। साथ ही संबंधित ब्लॉकों पर भोजन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी चयनित लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपनी पर्ची एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ सुबह 8 बजे तक अपने विकास खंड मुख्यालय पहुंचें। जो लाभार्थी सीधे कार्यक्रम स्थल पर आना चाहते हैं, वे प्रातः 9 बजे तक आईटीआई परिसर पहुंच सकते हैं।
कार्यक्रम का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से लाभान्वित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।