Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • एआईटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में माय भारत द्वारा फ्लैगशिप योजनाओं पर कार्यशाला का आयोजन

एआईटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में माय भारत द्वारा फ्लैगशिप योजनाओं पर कार्यशाला का आयोजन

 ग्रामीण न्यूज तेज नजर

युवाओं को मिली जल जीवन मिशन, पीएम विश्वकर्मा और स्किल इंडिया मिशन की गहन जानकारी

भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय कि स्वायतसंस्था मेरा युवा भारत द्वारा जिला युवा अधिकारी चन्द्रभूषण चौबे के मार्गदर्शन में एआईटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में सरकार की तीन प्रमुख योजनाओं – जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, और स्किल इंडिया मिशन पर युवाओं को विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को इन फ्लैगशिप योजनाओं के प्रति जागरूक करना था, ताकि वे खुद इनसे लाभान्वित होने के साथ-साथ समाज के अन्य वर्गों को भी इन योजनाओं से जोड़ सकें।

कार्यशाला के पहले सत्र में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर अजीत तिवारी ने जल जीवन मिशन की संरचना, उद्देश्य और जमीनी कार्यान्वयन पर गहन प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का लक्ष्य है हर ग्रामीण घर में 2024 तक नल से शुद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित करना। उन्होंने योजना के तहत बनने वाली ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों, स्थानीय स्तर पर युवाओं के प्रशिक्षण और सामुदायिक सहभागिता जैसे पहलुओं को समझाते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे जल संरक्षण और जागरूकता अभियान में भाग लें।

दूसरे सत्र का संचालन प्रशिक्षिका सुश्री विभा पाण्डेय ने किया, जिन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और स्किल इंडिया मिशन पर संवाद किया। उन्होंने बताया कि कैसे विश्वकर्मा योजना पारंपरिक कारीगरों को पहचान पत्र, प्रशिक्षण, टूलकिट और सस्ता ऋण मुहैया कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने स्किल इंडिया मिशन के तहत युवाओं को मिलने वाले ट्रेनिंग प्रोग्राम्स, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना और नियोक्ता से जोड़ने की प्रणाली की भी विस्तार से जानकारी दी। विभा पाण्डेय ने कहा, “जब युवा वर्ग इन योजनाओं की सही समझ लेकर समाज में कदम रखता है, तो सिर्फ उनका नहीं, बल्कि पूरे देश का विकास सुनिश्चित होता है।”

See also  11 वर्षो में बदली आमजन के जीवन की तस्वीर- पवन मिश्र

कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं ने इन योजनाओं को विस्तार से जानने के बाद उत्साह के साथ अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की जानकारी उनके लिए न केवल करियर निर्माण में उपयोगी है, बल्कि यह उन्हें एक जागरूक और ज़िम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करती है।

कार्यशाला का समापन कॉलेज के प्राचार्य डॉ अवधेश त्रिपाठी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने MY Bharat और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, “ऐसे कार्यक्रम कॉलेजों में नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए जिससे युवाओं का सामाजिक और व्यावसायिक दृष्टिकोण और मजबूत हो सके।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में कॉलेज के उपप्राचार्य अजय मिश्रा, अंकित मिश्रा, माय भारत के स्टाफ सिंहासन यादव , सुदर्शन कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required