डीएम ने टीकाकरण सत्र एवं आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
डीएम ने टीकाकरण सत्र एवं आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने के दिए निर्देश
देवरिया, 10 जून। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को ग्राम करौदी में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति (वीएचएसएनसी) के अंतर्गत टीकाकरण सत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने टीकाकरण कार्यों, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वैक्सीन, दवाओं एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का टीकाकरण निर्धारित समय पर सुनिश्चित किया जाए तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश देते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड (एमसीपी कार्ड) के सभी बिंदुओं को सही एवं वास्तविक तथ्यों के आधार पर भरा जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने परसिया मिश्र स्थित आयुष्मान आरोग्य स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) के मानकों के अनुरूप चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्ता मानकों के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।