Search for:
  • Home/
  • Uncategorized/
  • नियमित व्यायाम से कम हो रही हाथीपांव की सूजन

नियमित व्यायाम से कम हो रही हाथीपांव की सूजन

नियमित व्यायाम से कम हो रही हाथीपांव की सूजन

देवरिया, 9 अप्रैल 2026।
फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत पथरदेवा ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेमरी से सम्बद्ध आंगनबाड़ी केंद्र में गुरुवार को पीएसपी (पेशेंट स्टेक होल्डर प्लेटफार्म) के सहयोग से फाइलेरिया मरीजों को एमएमडीपी (रोग प्रबंधन एवं विकलांगता निवारण) प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान 20 मरीजों को एमएमडीपी किट वितरित की गई, जिसमें साबुन, तौलिया, एंटीसेप्टिक आदि सामग्री शामिल थीं, ताकि वे घर पर ही प्रभावित अंग की साफ-सफाई और देखभाल कर सकें। इस अवसर पर पीएसपी सदस्य व सीएचओ ने डेमो के माध्यम से मरीजों को प्रभावित अंग की सही सफाई और देखभाल की जानकारी दी।
वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक नवीन प्रकाश ने बताया कि नियमित सफाई, उचित देखभाल और व्यायाम से हाथीपांव (फाइलेरिया) की सूजन में कमी आ रही है और अटैक भी कम हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह बीमारी क्यूलेक्स मच्छर के माध्यम से फैलती है और इसके लक्षण 5 से 15 वर्षों बाद सामने आते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि समय रहते पहचान होने पर इस बीमारी को रोका जा सकता है तथा साल में एक बार लगातार पांच वर्षों तक दवा सेवन करने से इससे बचाव संभव है। फाइलेरिया के कारण हाथ-पैर या अंडकोष में सूजन तथा महिलाओं में स्तनों के आकार में बदलाव हो सकता है।
सीएचओ अनुराधा ने मरीजों को नियमित साफ-सफाई, व्यायाम और संक्रमण से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समय पर देखभाल से इस बीमारी के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
50 वर्षीय मरीज धर्मेंद्र ने बताया कि वे पिछले एक वर्ष से पीएसपी से जुड़े हैं और नियमित साफ-सफाई व व्यायाम के कारण पिछले 10 महीनों से उन्हें फाइलेरिया का अटैक नहीं आया और सूजन में भी कमी आई है।
इस कार्यक्रम में बीपीएम नागेंद्र मल्ल, एएनएम प्रीति, वालेंटियर राजू श्रीवास्तव, बीएचडब्ल्यू राकेश, सीफार के जिला प्रतिनिधि, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

See also  ग्रामीण क्षेत्रों में जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न हुआ

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required