NH-727A पर हाईमास्ट लाइटें बनी शोपीस, अंधेरे में गुजरने को मजबूर राहगीर
NH-727A पर हाईमास्ट लाइटें बनी शोपीस, अंधेरे में गुजरने को मजबूर राहगीर
बनकटा, देवरिया।
नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग 727A (सलेमपुर–मैरवा मार्ग) पर सोहनपुर क्रॉसिंग के पास लगी हाईमास्ट लाइटें और सड़क किनारे लगाए गए पथ प्रकाश व्यवस्था फिलहाल सिर्फ शोपीस बनकर रह गई हैं। सड़क निर्माण कार्य पूरा होने और आवागमन शुरू होने के बावजूद अब तक इन लाइटों में विद्युत आपूर्ति नहीं हो सकी है।
रात के समय पूरे क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर क्रॉसिंग पर दृश्यता कम होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बार छोटी-मोटी घटनाएं हो चुकी हैं, हालांकि अभी तक कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द हाईमास्ट लैंप और पथ प्रकाश व्यवस्था को विद्युत कनेक्शन से जोड़ा जाए, ताकि सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।