लार में शिक्षकों का विरोध: टेट अनिवार्यता के खिलाफ पोस्टकार्ड अभियान
लार में शिक्षकों का विरोध: टेट अनिवार्यता के खिलाफ पोस्टकार्ड अभियान
लार (देवरिया)। टेट (TET) की अनिवार्यता के विरोध में क्षेत्र लार के शिक्षकों ने शनिवार को पोस्टकार्ड अभियान चलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ लार के अध्यक्ष इन्द्रसेन गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षकों ने देश के प्रमुख संवैधानिक पदों पर आसीन गणमान्य व्यक्तियों को पोस्टकार्ड के माध्यम से अपनी मांगें भेजीं।
इस अभियान के तहत शिक्षकों ने प्रधानमंत्री, महामहिम राष्ट्रपति तथा भारत के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित पत्र भेजकर टेट की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की। शिक्षकों का कहना है कि टेट की अनिवार्यता शिक्षकों के लिए एक प्रकार का काला कानून बन गई है, जिसे समाप्त किया जाना चाहिए।
इस दौरान शिक्षक संघ के मंत्री आफताब, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, जिला उपाध्यक्ष ईश्वर के साथ-साथ संतोष कुमार, पंकज सिंह, इकबाल अहमद, श्रीमती पान मुनि वर्मा, भारद्वाज दूबे, मुस्तकीन समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।
शिक्षकों ने कहा कि महासंघ के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है, ताकि सरकार तक शिक्षकों की आवाज पहुंच सके। उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए टेट की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए।
शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।