जिलाधिकारी ने गौरीबाजार विकास खण्ड का किया औचक निरीक्षण, कार्यालयीन अभिलेखों व व्यवस्थाओं की समीक्षा
जिलाधिकारी ने गौरीबाजार विकास खण्ड का किया औचक निरीक्षण, कार्यालयीन अभिलेखों व व्यवस्थाओं की समीक्षा
देवरिया, 07 फरवरी।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने शनिवार को अपराह्न 2:45 बजे विकास खण्ड गौरीबाजार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, लेखाकार सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत जिलाधिकारी द्वारा विकास खण्ड परिसर में साफ-सफाई एवं समग्र व्यवस्थाओं के अवलोकन से की गई। इसके पश्चात उन्होंने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली की समीक्षा की। लेखाकार पटल पर टेंडर से संबंधित पत्रावलियों की जांच की गई, वहीं स्थापना पटल पर अभिलेखों एवं अलमारियों का परीक्षण किया गया। इस दौरान कर्मचारियों की व्यक्तिगत पत्रावलियों, सेवापुस्तिकाओं एवं नामिनी प्रपत्रों का भी अवलोकन किया गया।
जिलाधिकारी ने कनिष्ठ सहायक से जनसुनवाई एवं जनसूचना से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा मनरेगा, एनआरएलएम तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से संबंधित कार्यों एवं अभिलेखों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन के नवीनतम दिशा-निर्देशों के अनुसार योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा आम जनता की सहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।