महिला पर गोली पिता द्वारा बेटी सहित चार अभियुक्तों पर हत्या का प्रयास का आरोप
महिला पर गोली – पिता द्वारा बेटी सहित चार अभियुक्तों पर हत्या का प्रयास का आरोप
उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में रविवार की दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एकौना थाना क्षेत्र के पलिया गांव की रहने वाली दुर्गावती देवी पत्नी गुलाब यादव को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। यह घटना उस समय हुई जब दुर्गावती देवी पचलड़ी चौराहे से दवा कराकर अपने घर लौट रही थीं। धरमपुरवा गांव के समीप अचानक बाइक पर सवार अज्ञात हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सीने में गोली मार दी और फरार हो गए।
गोली लगने के बाद दुर्गावती देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहां के लोगो द्वारा उसे तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक बताते हुए उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है फिलहाल हालत काफी गंभीर बनी हुई है।
इस वारदात की जानकारी होते ही एकौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़िता के पति गुलाब यादव की तहरीर पर मामला दर्ज किया है।
तहरीर में एक अलग मोड़ आया है। गुलाब यादव ने अपनी ही बेटी ममता यादव पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी बेटी ममता ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर इस गोलीकांड को अंजाम दिया है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नामजद अभियुक्तों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारी साक्ष्य संकलन और अन्य कानूनी प्रक्रिया में जुटे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने भी पूरे घटनाक्रम पर निगरानी रखी हुई है।
देवरिया जनपद में इस तरह दिनदहाड़े महिला को गोली मारने वाला कृत्य पुलिस प्रशासन-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।