भर्तृहरि मेहताब होगे प्रोटेम स्पीकर नये लोकसभा अध्यक्ष का कराएंगे चुनाव
भर्तृहरि मेहताब होगे प्रोटेम स्पीकर नये लोकसभा अध्यक्ष का कराएंगे चुनाव
बीजेपी सांसद भर्तृहरि महताब 18 वीं लोकसभा में प्रोटेम स्पीकर होंगे। भर्तृहरि महताब ही नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाएंगे। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 95(1) के तहत उन्हें प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है।
श्री महताब ओडिशा के कटक से 57077 वोटों से लोकसभा चुनाव जीते थे। उन्होंने बीजेडी के संतरूप मिश्रा को हराया था।
भर्तृहरि महताब ओडिशा की कटक सीट से सात बार के लोकसभा सांसद रहे हैं। इसी साल ओडिशा में बीजू जनता दल (बीजद) से भर्तृहरि महताब ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे।
उल्लेखनीय है कि संसद की बहसों में सराहनीय प्रदर्शन के लिए महताब को 2017 से लगातार चार वर्षों तक ‘संसद रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
प्रोटेम स्पीकर के पद के बारे में जानें
प्रोटेम स्पीकर (Pro tem Speaker) वह व्यक्ति होता है जिसे संसद में अस्थायी रूप से अध्यक्ष के रूप में कार्य करने के लिए नियुक्त किया जाता है। आमतौर पर यह नियुक्ति तब की जाती है जब नियमित अध्यक्ष या स्पीकर का चुनाव नहीं हुआ होता है या किसी कारणवश वे उपस्थित नहीं होते हैं।
प्रोटेम स्पीकर का मुख्य कार्य नए निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाना और नए स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया को संचालित करना होता है। प्रोटेम स्पीकर आमतौर पर सबसे वरिष्ठ सदस्य या सबसे अधिक अनुभव वाले सदस्य को बनाया जाता है।