देवरिया: विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, बाल विवाह व बाल श्रम रोकने पर जोर
देवरिया: विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित, बाल विवाह व बाल श्रम रोकने पर जोर
देवरिया, 28 जुलाई। पुलिस लाइन देवरिया के मनोरंजन कक्ष में विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिवीक्षा अधिकारी ने की, जबकि संचालन संरक्षण अधिकारी जय प्रकाश तिवारी ने किया।
बैठक में जनपद के सभी नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को जुवेनाइल जस्टिस (JJ) एक्ट के तहत बच्चों के हित में कार्य करने, विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा समयबद्ध तरीके से जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जनपद को बाल विवाह मुक्त एवं बाल श्रम मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास तेज करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, विकास एवं विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की गई।
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सावित्री राय ने अधिकारियों से बैठक में एजेंडा के साथ नियमित सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिनेश कुमार ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी, जबकि वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक नीतू भारती ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी साझा की।
चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रभारी अमित कुमार उपाध्याय ने संबंधित मामलों में पुलिस के सहयोग की अपेक्षा जताई। इस दौरान बताया गया कि किसी भी बच्चे के संपर्क में आने पर यात्रा समय को छोड़कर 24 घंटे के भीतर उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने का प्रावधान है।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एएचटीयू, वन स्टॉप सेंटर, राजकीय बाल गृह तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जनपद के सभी थानों के नामित बाल कल्याण पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
— ग्रामीण न्यूज़ तेज नजर