बिहार जा रही 306 लीटर अवैध शराब पकड़ी गई, खामपार पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा
बिहार शराब तस्करों पर खामपार पुलिस का बड़ा प्रहार, 306 लीटर अवैध शराब संग दो गिरफ्तार
देवरिया। जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खामपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर अपराध एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में खामपार पुलिस ने कार्रवाई की।
मंगलवार की रात संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज छपिया के पास एक बिना नंबर प्लेट की मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से कुल 33 पेटी अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब (306 लीटर) बरामद हुई।
बरामद शराब में 1056 पाउच बन्टी-बबली देशी शराब (200 एमएल), 152 पाउच आफ्टर डार्क अंग्रेजी शराब (180 एमएल), 288 पाउच 8PM अंग्रेजी शराब (180 एमएल) तथा 48 पाउच GR8TIMS वोडका (180 एमएल) शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मोहम्मद सुल्तान (32 वर्ष), निवासी पटना, बिहार तथा गगनदीप (21 वर्ष), निवासी सिवान, बिहार शामिल हैं।
पूछताछ में पता चला कि बरामद शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना खामपार में मु0अ0सं0 134/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस की सख्ती जारी है।