Search for:
  • Home/
  • समाचार/
  • स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में न हो लापरवाही : सीएमओ

स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में न हो लापरवाही : सीएमओ

स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में न हो लापरवाही : सीएमओ

सीएमओ ने तीन पीएचसी पर किया मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का निरीक्षण

देवरिया, 17 मई 2026।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना, तरकुलवा और बेलही में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सेवाओं का जायजा लिया और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में आने वाले सभी मरीजों को आवश्यक जांच, दवाएं एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले वह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना पहुंचे, जहां चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित मिले। ओपीडी में चिकित्सकों को मरीजों का उपचार करते देखकर उन्होंने संतोष जताया। सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले मरीजों के साथ मधुर एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
उन्होंने दवा भंडारण कक्ष एवं लैब का निरीक्षण कर अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पहुंचे। यहां भी चिकित्सक सहित सभी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद मिले। उन्होंने लैब में पहुंचकर जांच संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा एलटी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए।
निरीक्षण के अंतिम चरण में सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलही पहुंचे। यहां उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पीएचसी बेलही पर शीघ्र प्रसव कराने की व्यवस्था शुरू कराने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पाण्डेय एवं जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

See also  छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि जारी, छात्रों को मिले स्वीकृति प्रमाण पत्र

Leave A Comment

All fields marked with an asterisk (*) are required