दिव्या मित्तल की अपील: 22 फरवरी को बूथ पर जांचें अपना नाम
दिव्या मित्तल की अपील: 22 फरवरी को बूथ पर जांचें अपना नाम
देवरिया, 21 फरवरी।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत 22 फरवरी (रविवार) को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा सूची को त्रुटिरहित बनाना है। इससे पूर्व 11 जनवरी, 18 जनवरी एवं 31 जनवरी को भी विशेष अभियान चलाया जा चुका है। 22 फरवरी को चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा।
विशेष अभियान के दौरान प्रत्येक बूथ पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। उनके पास नए नाम जोड़ने (प्रपत्र-6), नाम विलोपन (प्रपत्र-7) तथा संशोधन (प्रपत्र-8) से संबंधित फार्म उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है, वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। यदि किसी मतदाता के नाम, पते या अन्य विवरण में त्रुटि है तो संशोधन हेतु प्रपत्र-8 भरा जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए ECINET मोबाइल एप और voters.eci.gov.in पोर्टल की सुविधा भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती की आधारशिला है। सभी नागरिक इस विशेष अभियान दिवस का लाभ उठाएं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।