देवरिया में पुलिस अधीक्षक का कड़ा एक्शन, भ्रष्टाचार और बदसलूकी पर दो दरोगा लाइन हाजिर
देवरिया में पुलिस अधीक्षक का कड़ा एक्शन, भ्रष्टाचार और बदसलूकी पर दो दरोगा लाइन हाजिर
देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक ने भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए दो दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और यह साफ संदेश गया है कि नियमों से खिलवाड़ और जनता के साथ दुर्व्यवहार अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पहला मामला मझौलीराज चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा से जुड़ा है। उन पर एक युवक को जेल न भेजने के बदले पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगे थे। कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसमें एक युवक पुलिस की टोपी पहने नजर आ रहा था। बताया गया कि युवक के खिलाफ पहले शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की गई थी, लेकिन बाद में उसे छोड़ने के एवज में लेनदेन की बात सामने आई।
इस मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने भी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर चौकी प्रभारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्काल प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही और अनुशासनहीनता की पुष्टि होने पर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के निर्देश भी दिए गए हैं।
दूसरा मामला बरियारपुर थाने में तैनात दरोगा नेपाल सिंह से संबंधित है। उन पर एक दुकानदार के भाई को दुकान के सामने थप्पड़ मारने का आरोप है। यह घटना करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे थे।
मामला संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक ने तत्काल जांच कराई। जांच में दरोगा का व्यवहार नियमों और आचरण के विपरीत पाया गया, जिसके बाद उन्हें भी लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक की इन दोनों कार्रवाइयों से यह स्पष्ट हो गया है कि जिले में भ्रष्टाचार, सत्ता का दुरुपयोग और आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का यह कदम न सिर्फ जनता में भरोसा मजबूत करेगा, बल्कि पुलिसकर्मियों के लिए भी कड़ा संदेश है कि अनुशासन से समझौता अब महंगा पड़ेगा।