ग्राम न्याय सहायता अभियान ‘अभिमान’: चयनित गांवों में शुरू होंगे लीगल ऐड क्लिनिक, ग्रामीणों को मिलेगा निःशुल्क न्याय
ग्राम न्याय सहायता अभियान ‘अभिमान’: चयनित गांवों में शुरू होंगे लीगल ऐड क्लिनिक, ग्रामीणों को मिलेगा निःशुल्क न्याय
देवरिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) ने ग्राम न्याय सहायता अभियान – अभिमान के अंतर्गत जिले के कई चयनित गांवों में लीगल ऐड क्लिनिक स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले चरण में लार ब्लॉक के रतनपुरा व कुंडौली, भागलपुर ब्लॉक के माथापर, भटनी ब्लॉक के नोना पार, और भलुवानी ब्लॉक के कुंडली गांव चयनित किए गए हैं।
इन क्लिनिकों का उद्देश्य ग्रामीणों को गांव में ही निःशुल्क कानूनी सलाह, प्रकरण तैयार कराने की सुविधा, सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा छोटे-मोटे विवादों का गांव स्तर पर समाधान उपलब्ध कराना है। प्रशिक्षित पैरालीगल वॉलंटियर और अधिवक्ता ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर तत्काल मार्गदर्शन देंगे।
इस सुविधा से गरीब, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर वर्ग को विशेष लाभ मिलेगा। इससे लोगों को बार-बार तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से मुक्ति मिलेगी और न्याय उनकी चौखट तक पहुँच सकेगा।
ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि अब कानूनी जानकारी और सहायता आसानी से उपलब्ध होगी, जिससे गांवों में विवाद भी कम होंगे और जागरूकता बढ़ेगी।
—