देवरिया: अजना गांव में विशाल कुश्ती प्रतियोगिता, देश-विदेश के पहलवानों ने दिखाया दमखम
देवरिया: अजना गांव में विशाल कुश्ती प्रतियोगिता, देश-विदेश के पहलवानों ने दिखाया दमखम
देवरिया जिले के लार विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत अजना स्थित सूर्य नारायण सिंह पहलवान अखाड़े में एक भव्य और ऐतिहासिक कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बनारस, गाजीपुर, गोरखपुर, हरियाणा, उत्तराखंड, देवरिया सहित नेपाल से आए नामचीन पहलवानों ने भाग लेकर अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ अखाड़े के वरिष्ठ पहलवान सूर्य नारायण सिंह एवं आयोजक समाजसेवी राहुल सिंह ने पहलवानों से हाथ मिलाकर किया। उद्घाटन के साथ ही दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया। पूरे दिन चले मुकाबलों में एक से बढ़कर एक रोमांचक कुश्तियां देखने को मिलीं। खास बात यह रही कि पुरुष पहलवानों के साथ-साथ महिला पहलवानों ने भी अखाड़े में उतरकर अपनी प्रतिभा और जुझारूपन का परिचय दिया।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबलों में आशीष (अयोध्या) ने विराज (देवरिया) को, सुमित थापा (काठमांडू) ने शत्रुघ्न (उत्तराखंड) को, धनंजय (बलिया) ने अजय (गोरखपुर) को तथा दिव्यांशु (देवरिया) ने अभिजीत (बलिया) को पटखनी देकर जीत दर्ज की। वहीं हिमांशु (भागलपुर) ने लार रोड के अजय पहलवान को हराकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
महिला वर्ग में आजमगढ़ की सिद्धि ने गोरखपुर की रंजनी को पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। इसके अलावा कुछ मुकाबले बराबरी पर भी समाप्त हुए, जिनमें आशीष (बरहज) बनाम रणविजय (गौरी बाजार) तथा श्लोक (गोरखपुर) बनाम सौरभ (गाजीपुर) के बीच हुए मुकाबले शामिल रहे।
आयोजन समिति की ओर से सभी विजेता एवं प्रतिभागी पहलवानों को उचित पुरस्कार और सम्मान प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा नेता जयनाथ कुशवाहा गुड्डन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सर्वेश तिवारी, बलवीर सिंह दादा, प्रधान संघ अध्यक्ष लार आस नारायण सिंह, रोहित सिंह, उपेंद्र शाही, पूर्व प्रधान अंगद सिंह, जितेंद्र सिंह, विनय शाही, छोटे सिंह, पिंटू सिंह, पूर्व प्रधान गोवर्धन सिंह, बलिंदर सिंह, अरुण सिंह गुड्डू, दिनेश कुशवाहा, सत्य प्रकाश सिंह, पवन सिंह, अभय मिश्रा, अजीत सिंह बबलू, जिला पंचायत सदस्य अनिल सिंह, एसआई गोविंद सिंह, सूर्य चंद्र कुशवाहा, आनंद स्वरूप सिंह, धीरेंद्र सिंह, नीरज और अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।
कार्यक्रम के समापन पर आयोजक राहुल सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, पहलवानों, सहयोगियों और उपस्थित दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और पारंपरिक कुश्ती संस्कृति को नया जीवन मिलता है।